Advertisement

भाजपा का चुनाव मोड:अमित शाह ने रखे अपने प्यादे

दिल्ली।आने वाले दिनों में गुजरात, कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश में चुनाव होने हैं। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी ने आगामी चुनावों के मद्देनजर तैयारियां तेज कर दी हैं। अमित शाह ने विधान सभा चुनाव जीतने के लिए अपनी बिसात बिछा दी और प्यादे भी तैनात कर दिए हैं। अरुण जेटली पर बीजेपी का भरोसा बढ़ता जा रहा है। वित्त और रक्षा मंत्रालय जैसे दो बड़े मंत्रालय का भार होने के बावजूद उन्हें गुजरात विधानसभा चुनाव की जिम्मेदारी दी गई है। गुरुवार को कई राज्यों के चुनाव प्रभारियों की नियुक्ति की गई।

Advertisement

मोदी की साख के लिए महत्वपूर्ण गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए वित्त मंत्री अरुण जेटली को प्रभारी बनाया गया है. वहीं बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर को कर्नाटक का और थवार चंद गहलोत को हिमाचल प्रदेश का प्रभारी बनाया। शाह ने विधानसभा चुनावों के मद्देनजर निर्मला सीतारमण, नरेंद्र सिंह तोमर, जितेंद्र सिंह और पीपी चौधरी को गुजरात का सह प्रभारी बनाया है। यह सभी अरुण जेटली का साथ देते हुए दिखाई देंगे। कर्नाटक सह-प्रभारी पीयूष गोयल को बनाया गया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के केंद्र में आने के बाद गुजरात में यह पहला विधानसभा चुनाव होगा। शायद इसीलिए अमित शाह ने सबसे विश्वास पात्र अरुण जेटली को गुजरात का प्रभारी बनाया है। उल्लेखनीय है कि गुजरात में भाजपा 2001 से सत्ता में है। वहीं हिमाचल और कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार है। भाजपा की नजर गुजरात में सत्ता कायम रखने के साथ-साथ हिमाचल और कर्नाटक को भी ‘कांग्रेस-मुक्त’ बनाने की होगी। कर्नाटक में साल 2018 के बीच में चुनाव संभावित है।

Advertisement
Advertisement