रांची: गणतंत्र दिवस के अगले ही दिन नक्सलवाद की समस्या से जूझ रहे झारखण्ड में एक वारदात को अंजाम देने में सफल हो गए हैं माओवादी। झारखंड के उग्रवाद प्रभावित पलामू जिले में बुधवार को माओवादियों ने बारुदी सुरंग विस्फोट कर पुलिस वाहन को उड़ा दिया, जिसमें चार पुलिसकर्मी शहीद हो गए और छह अन्य घायल हो गए।

राज्य पुलिस मुख्यालय के सूत्रों ने बताया कि जिला पुलिस बल के जवान तलाशी अभियान पर निकले थे तभी माओवादियों ने जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के काला पहाड़ के निकट इस घटना को अंजाम दिया। घायल जवानों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है।
हालांकि, घायलों को बुधवार रात को ही हेलीकॉप्टर से रांची ले जाया जा सकता है। सूत्रों के अनुसार, वाहन में 12 पुलिसकर्मी थे जब बारुदी सुरंग विस्फोट से नक्सलियों ने उसे उड़ा दिया। उल्लेखनीय है कि पिछला साल नक्सल हमलों को लेकर काफी शांत साबित हुआ था क्योंकि प्रदेश में इस साल पुलिस थानों पर कोई नक्सली हमला नहीं हुआ था।
वहीं, पुलिस की किताब में भी दावा किया गया था कि 2015 में प्रदेश के किसी भी कोने में नक्सली “जनता कोर्ट” नहीं लगा पाए थे। किताब में दावा किया गया था कि 2011, 2012, 2013 और 2014 में नक्सलियों ने क्रमश: 6, 8, चार और चार बार पुलिस थानों/पिकटों पर हमला किया था, लेकिन 2015 में ऐसा कोई हमला नहीं हुआ था।