Advertisement

जानिये, कौन हैं हॉलीवुड में बनने वाली रामायण के राम सीता और रावण

Janiye, Kaun Hain Hollywood Mein Banne Wali Ramayan Ke Sita Aur Ravan

कुछ चीज़ें कभी पुरानी नहीं होतीं, चाहे कितने ही वर्षों से हम उनके बारे में सुनते आ रहे हों, देखते आ रहे हों, यहां तक कि महसूस भी करते आ रहे हों। लेकिन फिर भी ये चीज़ें हमेशा ही एक नई उमंग के साथ आती हैं और अपनी मौजूदगी का एहसास दिलाती हैं। भारतीय इतिहास और उससे जुड़ी कहानियां कुछ ऐसी ही हैं।

बचपन से हम कितनी ही कहानियां सुनते आ रहे हैं, शायद ये कहानियां हमारे दादा-नाना के ज़माने की हैं या फिर उससे भी पहले की। यह भी संभव है कि आगे हमारी आने वाली कई पीढ़ियां इन कहानियों को जानेंगी। लेकिन कुछ कहानियां ना जाने कितने हजारों-लाखों वर्षों से भारत की गलियों में सुनाई जा रही हैं। ये कहानियां बच्चों की किताबों का हिस्सा हैं और उन बच्चों के बड़े हो जाने के बाद भी वे इन कहानियों से जुड़े रोचक तथ्यों को जानते रहते हैं।Janiye Kaun Hain Hollywood Mein Banne Wali Ramayan Ke Sita Aur Ravan

Advertisement

ये हैं भारतीय इतिहास की दो सबसे अधिक सच्ची कहानियां – रामायण और महाभारत। भगवान विष्णु के स्वरूप माने जाने गए श्रीराम एवं श्री कृष्ण से जुड़ी हैं ये कहानियां। धार्मिक ग्रंथों में उल्लिखित चार युगों में से द्वापर एवं त्रेता युग का हिस्सा रही हैं ये कहानियां। लेकिन अपने रोचक तथ्यों से ये कहानियां आज के आधुनिक युग में भी जानी जाती हैं।

भारतीय टीवी जगत में आज तक रामानंद सागर के निर्देशन में बनी रामायण और बी आर चोपड़ा की महाभारत कथा काफी प्रसिद्ध है। लेकिन इसके बाद भी कई रामायण और महाभारत बनीं, हर किसी ने अपने अंदाज़ और ढंग से इसे दर्शकों के सामने परोसने की कोशिश की। लेकिन कहानी हर बार वही होती है जो असलियत है।

Advertisement

हैरानी तो इस बात पर होती है कि दर्शक पहले से ही जानते हैं कि कहानी क्या है, रामायण और महाभारत की कहानी यदि बच्चों को नहीं तो कम से कम बड़ों को तो जरूर पता होती है। लेकिन फिर भी हर बार जैसे ही टीवी पर कोई नया शो आता है तो हर कोई इसे देखने के लिए उत्तेजित हो जाता है। क्योंकि ये कहानी हर किसी के दिल से जुड़ी है।

भारत में रामायण और महाभारत पर कई फिल्में बनीं, टीवी शो भी बनें लेकिन भारत के बाहर इसे प्रदर्शित करने की आज तक किसी ने नहीं सोची। लेकिन अब यह संभव होता दिखाई दे रहा है। रामायण का हॉलीवुड वर्जन जल्द ही बनने जा रहा है।

Advertisement

जी हां… सही सुना आपने… ना केवल भारत में बल्कि भारतीय सीमा से मीलों दूर विदेश में रामायण फिल्म बनाने की सोची जा रही है। इसके लिए तीन युवा फिल्मकार ‘रामायण’ पर फिल्म बनाने जा रहे हैं। ये फिल्म हॉलीवुड में अमेरिका के क्रिएटिव डायरेक्टर रोनी एलमन के साथ दो अन्य निर्देशक विनीत सिन्हा और एस ग्राहम द्वारा मिलकर बनाए जाएगी। फिल्म के संबंध में इनका कहना है कि हॉलीवुड, जापान और चीन में बैटमैन, सुपरमैन, स्टारवार्स और पोकीमान जैसी फिल्मों से पूरी दुनिया परिचित है, लेकिन भारतीय कथाएं उस तरह से प्रसिद्ध नहीं हो पाई हैं।

इसलिए उन्होंने हॉलीवुड स्टाइल में ही एक ऐसी रामायण बनाने की सोची है जो आज तक की सभी हॉलिवुड फिल्मों को पीछे छोड़ देगी। फिल्म निर्माताओं का दावा है कि आधुनिक तकनीक की मदद से इस फिल्म को हॉलीवुड की फिल्मों ‘लार्ड ऑफ द रिंग्स’ और ‘प्लेनेट ऑफ द एप्स’ से भी अच्छा बनाया जा सकता है।

वे रामायण की कथा को 3डी और आइमैक्स के जरिए पेश करेंगे। सुनने में जितनी मज़ेदार और हाई क्लास ये मूवी लग रही है, उतने ही बड़े स्तर पर इस पर पैसा लगाने की जुगत लगाई जा रही है। ये एक मेगा बजट मूवी होगी, भारत में अब तक की सबसे महंगी फिल्म की लागत करीब ढाई करोड़ डॉलर (करीब 160 करोड़ रुपए) रही है, लेकिन इस फिल्म की लागत इससे दुगनी होने की संभावना जताई जा रही है।

Advertisement

कहा जा रहा है कि भारत और विदेश के दर्शकों की उम्मीदों को एक साथ पूरा करने के लिए इन्हें हर चीज का ध्यान रखना होगा। टेक्नोलॉजी के जबरदस्त इस्तेमाल के साथ-साथ भारत के लोगों की भावनाओं का भी ख्याल रखना होगा।

ऐसा पहली बार नहीं है कि हॉलिवुड में भारत के धार्मिक ग्रंथों पर कोई फिल्म बनाई जा रही हो। इससे पहले भी निर्देशक पीटर ब्रुक ‘महाभारत’ से प्रभावित होकर फिल्म ‘द महाभारत’ बना चुके हैं। ये फिल्म 1989 में बनाई गई थी जो भारतीय फिल्मों और सीरियल से काफी अलग थी।

लेकिन अब एक लंबे समय के अंतराल एक बाद फिर से हॉलीवुड में भारतीय इतिहास का बिगुल बजेगा। वैसे रोमांस और साधारण कहानियों की जगह पर अपनी एक्शन और रोमांचक फिल्मों की वजह से प्रसिद्ध हॉलीवुड जब एक धार्मिक स्टोरी बनाएगा तो यह वाकई देखने लायक होगा। वह भी एक हिन्दू धार्मिक कहानी, जिसे हॉलीवुड की नजर से देखना किसी की भी सोच से परे है।

चलिए यह फिल्म तो अभी बनी नहीं है, इसकी कास्टिंग और बाकी इंतजाम कैसे होंगे ये चर्चा भी अभी कहां तक पहुंची होगी इसकी कोई सूचना नहीं है। लेकिन हॉलीवुड में जब रामायण बनने की बात उठी ही है तो एक वेबसाइट पर हमें ऐसा आर्टिकल मिला जिसने हमारे होश उड़ा दिए। एक पल के लिए तो सच में ऐसा लगा कि हॉलीवुड की रामायण तो समझो बन ही गई।

‘लाइव्ली स्टोरीज़ डॉट कॉम’ के माध्यम से हमें एक ऐसी लिस्ट मिली, जिसमें रामायण के प्रमुख पात्रों को किस तरह से हॉलीवुड के चर्चित चेहरों में खोजा जा सकता है, यह बताया गया है। ये हॉलीवुड के वो पुरुष कलाकार हैं जिन्होंने अपनी फिल्मों से ना केवल हॉलीवुड में बल्कि भारत में भी प्रशंसा हासिल की है।

हमारा दावा है कि सभी नहीं तो कम से कम 2-4 हीरोज़ को तो आप जानते ही होंगे। और यदि किसी को आप नहीं भी जानते हों तो परिचय में हम आपकी मदद करेंगे। आगे जानिए वह लिस्ट जिसमें रामायण यदि हॉलीवुड में बनी तो कलाकार कौन होंगे।

Advertisement

सबसे पहले रामायण श्रीराम के बिना बनना असंभव है। यूं तो इस महान कहानी का एक-एक पात्र प्रमुख ही है, लेकिन श्रीराम सबसे उच्चतम स्थान पर हैं। यह उनकी ही कहानी है… तो श्रीराम के किरदार में हम ह्यू जैकमैन को देखना पसंद करेंगे। अपने प्रभावी अभिनय से वे सबका दिल जीतने में सक्षम हैं।

श्रीराम के बाद यदि रामायण काल का सबसे शक्तिशाली किरदार कोई था, तो वह है रावण। इसमें कोई संदेह नहीं कि रावण हर रूप में शक्तिशाली और बुद्धिमान था, किंतु उसके स्वार्थ एवं घमंड ने उन्हें बर्बाद कर दिया। अब जब रावण को हॉलीवुड में देखने की बात है तो हमें एक ऐसे शख्स की तलाश है जो वाकई रौबदार हो।

तो इसके लिए हम ड्वेन जॉन्सन का नाम लेना चाहेंगे। रेस्लिंग के जगत में ‘फि रॉक’ की भूमिका में अच्छा नाम कमा चुके ड्वेन अब हॉलीवुड में भी अपनी बेहतरीन पहचान बना चुके हैं। वे अपनी लाजवाब शख़्सियत के लिए ही जाने जाते हैं, इसलिए रावण के किरदार के लिए वे काफी फिट बैठते हैं।

Advertisement

श्रीराम के अनुज एवं पौराणिक कथाओं के अनुसार श्रीहरि के शेषनाग ही कहे जाने वाले लक्ष्मण के लिए यदि हॉलीवुड में खोज की जाए तो ऑर्लेंडो ब्लूम का नाम सामने आता है। धार्मिक ग्रंथों में जिस प्रकार से लक्ष्मण का वर्णन किया जाता है, ठीक उसी प्रकार का व्यक्तित्व है ऑर्लेंडो का।

दशरथ एवं कैकेयी नंदन भरत, अपने ज्येष्ठ भाई श्रीराम के प्रिय थे। कहते हैं श्रीराम के कई गुणों की छ्वि उनमें दिखाई देती थी। तो इसलिए श्रीराम की तरह ही भरत के लिए हॉलीवुड चेहरा ढूंढ़ना एक बड़ी चुनौती है। लेकिन कोशिश करने के बाद एड्रियन ब्रॉडी का नाम सामने आता है। भरत की तरह ही शांत एवं साफ दिल वाले व्यक्तित्व को दर्शाते हैं एड्रियन।

रघुकुल के महाराज दशरथ, तीन महारानियों के स्वामी और चार कुशल पुत्रों के पिता। महाराज दशरथ का नाम रघुकुल में गर्व से लिया जाता था। यदि उनका किरदार निभाने के लिए हॉलीवुड में कोई चेहरा खोजना हो तो इसके लिए जॉर्ज क्लूनी सर्वश्रेष्ठ हैं। आकर्षक व्यक्तित्व वाले जॉर्ज दशरथ के किरदार में खूब जंचेंगे।

हनुमान जी के बिना रामायण की कल्पना करना भी मुश्किल है। वे इस महान ग्रंथ के विशेष पात्र हैं और हर भारतीय के लिए एक ‘हीरो’ की तरह हैं। इसलिए इनका किरदार कोई ऐसा हॉलीवुड अभिनेता निभाए जो सच में एक नायक की तरह ही दिखता हो।

यदि आपने हॉलीवुड की फिल्म ‘थॉर’ देखी है तो मेरे लिए उस शख़्स की तस्वीर आपकी आंखों में भरना आसान हो जाएगा। जी हां… मैं क्रिस हेम्सवर्थ की बात ही कर रही हूं। यदि हनुमान जी के किरदार में उन्हें ढाल दिया जाए, तो ये रामायण फिल्म वाकई बेहतरीन बनेगी।

इनका किरदार निभाने के लिए हमेशा ही एक भारी भरकम इंसान की खोज की जाती है। चाहे फिल्म हो या टीवी शो, या फिर भारत की गलियों में दिखाया जा रहा कोई नुक्कड़ नाटक… कुम्भकर्ण के लिए शारीरिक रूप से बलवान व्यक्ति चाहिए। इसके लिए दो च्वाइस की जा सकती हैं – रेसलिंग की दुनिया के प्रसिद्ध हल्क हागन या फिर बिग शो में से कोई भी इस किरदार में बखूबी फिट हो सकता है।

जिस वेबसाइट के माध्यम से इस लिस्ट को निकाला गया वहां रामायण के केवल पुरुष किरदारों का वर्णन था। लेकिन सीता के बिना रामायण कैसी? इसलिए यदि सीता का चुनाव करना हो तो हमें सुंदर, शांत लेकिन शक्तिशाली व्यक्तित्व वाली अभिनेत्री की जरूरत है। तो इसके लिए हम केट विंस्लेट का नाम देना पसंद करेंगे, क्योंकि हॉलीवुड में वे ना केवल एक चर्चित चेहरा हैं बल्कि करोड़ो लोगों की पसंद भी हैं।

Advertisement